गीतिका जाखड़ भारतीय महिला कुश्ती में एक बड़ा नाम हैं। गीतिका की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह लगातार 9 बार भारत केसरी का खिताब जीती थीं।
खिलाड़ियों के परिवार से संबंध रखने वाली गीतिका का जन्म 18 अगस्त 1985 को हिसार, हरियाणा में हुआ था। गीतिका स्कूल के समय में स्पोर्ट्स में सक्रिय रूप से हिस्सा लेती थीं। उनका फोकस एथलेटिक्स पर था। बेहतर शिक्षा के लिए जब वे परिवार के साथ शहर आईं तो उनके पिता उन्हें हिसार के महाबीर स्टेडियम ले गए थे, लेकिन कोई कोच न मिलने पर वे निराश होकर लौट आए।
इस दौरान वह पास के कुश्ती हॉल में गईं। हॉल से कोचों की जोरदार आवाज आ रही थी, जो मैट के बाहर से अपने बच्चों को निर्देशित कर रहे थे। गीतिका कुश्ती का अभ्यास कर रही दूसरी लड़कियों की तरफ खिंची चली गईं। उन्हें इस खेल से प्यार हो गया और अक्टूबर 1998 से उन्होंने एथलेटिक्स छोड़कर कुश्ती को अपना खेल चुना। इसके बाद एक पहलवान के रूप में उनका सफर शुरू हुआ।