सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने सोमवार को एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले सेना के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों, अनुशासन और मेहनत की सराहना की। सेना का लक्ष्य युवा प्रतिभाओं को सही प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है, ताकि वे ओलंपिक में भी देश के लिए पदक जीत सकें।
गौरतलब है कि भारतीय सेना के खिलाड़ियों ने एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। सेना के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने एशियाई खेलों में भारत के कुल 85 पदकों में करीब 24 प्रतिशत योगदान दिया। अब भारतीय सेना अपना ध्यान लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियों पर केंद्रित कर रही है।
सेना के मुताबिक, इन खेलों में कुछ खिलाड़ियों ने ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं, जिन्होंने भारतीय खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित किए। नायब सूबेदार नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वह एशियाई खेलों में महिलाओं की ट्रैप निशानेबाजी में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। एथलेटिक्स में नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने तीन व्यक्तिगत पदक जीते।