एशियन गेम्स 2026 में चमकदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली नीरू ढांडा का बुधवार को जींद में जोरदार स्वागत किया गया। जापान के आइची-नागोया में देश का नाम रोशन करने वाली नीरू ने शहर के जयंती देवी मंदिर में पूजा की और आशीर्वाद लिया। नीरू ने अपना गोल्ड मेडल मां जयंती देवी के सामने रखकर अपनी सफलता उन्हें समर्पित की।
नीरू के साथ इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। जयंती देवी मंदिर में पूजा-पाठ करने के बाद वह अपने गांव संगतपुरा पहुंची।
इस अवसर पर नीरू ढांडा ने युवाओं को दिए संदेश में कहा, "मैं उन युवाओं से कहना चाहती हूं जो किसी भी फील्ड में कड़ी मेहनत कर रहे हैं, चाहे वह पढ़ाई हो या खेल, कड़ी मेहनत करते रहें। आगे बढ़ने के लिए आपको मुश्किलों को पार करना होगा। मैं परिवारों से भी कहना चाहती हूं कि वे बेटियों और बेटों को बराबर अधिकार दें और अपने सपने पूरे करने की आजादी दें।"