ग्लासगो में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय और क्वीन कैमिला शामिल होंगे। दोनों 23 जुलाई 2026 को ग्लासगो के प्रतिष्ठित 'द हाइड्रो' में आयोजित समारोह में आधिकारिक तौर पर खेलों के उद्घाटन की घोषणा करेंगे।
उद्घाटन समारोह में कॉमनवेल्थ के 74 देशों और क्षेत्रों से आए 3,000 से अधिक एथलीट, अधिकारी, स्वयंसेवक और खेल प्रेमी मौजूद रहेंगे। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले इन खेलों में 10 खेलों की 215 स्वर्ण पदक स्पर्धाओं में मुकाबले होंगे।
समारोह का सबसे खास क्षण वह होगा जब किंग चार्ल्स तृतीय किंग्स बैटन के भीतर रखा अपना विशेष संदेश पढ़ेंगे। यह संदेश उन्होंने 10 मार्च 2025 को बकिंघम पैलेस में आयोजित कॉमनवेल्थ डे समारोह के दौरान बैटन में रखा था। उसी दिन ब्रिटेन के महान साइकिलिस्ट सर क्रिस होय पहले बैटन धारक बने थे और यहीं से किंग्स बैटन रिले की शुरुआत हुई थी। इस संदेश के पढ़े जाने के साथ ही ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स का औपचारिक उद्घाटन होगा।