इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) क्वीन सिरिकिट कप में हिस्सा लेने के लिए तीन-सदस्यीय भारतीय टीम भेजेगा। यह इवेंट 12 से 15 मई तक इंडोनेशिया के बोगोर में सेंटुल हाइलैंड्स गोल्फ क्लब में आयोजित होगा।
टीम की अगुवाई 2025 लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन गुंतास कौर संधू करेंगी, जिन्होंने 2026 में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम की अन्य सदस्य हरियाणा की सीरत कंग और दिल्ली की केया बडुगु हैं। वंदना अग्रवाल बतौर मैनेजर टीम के साथ जाएंगी।
एशियन-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन (एपीजीसी) द्वारा द आरएंडए (विश्व गोल्फ नियमों को नियंत्रित करने वाली संस्था) के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 15 देश हिस्सा लेंगे, जिनमें मौजूदा चैंपियन साउथ कोरिया के साथ ऑस्ट्रेलिया, चीन, चीनी ताइपे, हांगकांग, भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, म्यांमार, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।