साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे जोबर्ग लेडीज ओपन में भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वीकेंड राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया। वह इस टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जो कट पार करने में सफल रहीं।
प्रणवी ने पहले राउंड में शानदार खेल दिखाया और 3-अंडर 70 का स्कोर बनाया। इस प्रदर्शन की बदौलत उनकी स्थिति मजबूत हो गई थी। हालांकि, दूसरे राउंड में उनका खेल थोड़ा कमजोर रहा और उन्होंने 1-ओवर 74 का स्कोर किया। इसके बावजूद वह कटलाइन पर पहुंचने में सफल रहीं और संयुक्त रूप से 52वें स्थान पर बनी हुई हैं।
उनका दूसरा राउंड उतार-चढ़ाव भरा रहा। शुरुआत में उन्होंने अच्छा खेल दिखाया और पहले नौ होल्स में 1-अंडर स्कोर किया। हालांकि, बाद के होल्स में उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जब वह चार बोगी के मुकाबले वे सिर्फ दो बर्डी ही बना पाईं। आखिरी होल पर बोगी करने से उनकी स्थिति थोड़ी खतरे में आ गई थी, लेकिन अंत में वह बहुत कम अंतर से कट पार करने में सफल रहीं।