रिधिमा दिलावरी, त्वेसा मलिक और जैस्मिन शेखर, जिन्होंने मिलकर विमेंस प्रो गोल्ड टूर (डब्ल्यूपीजीटी) 2026 के इस सीजन के अब तक खेले गए पांच में से चार टूर्नामेंट जीते हैं, छठे चरण में 53 खिलाड़ियों के बड़े फील्ड की अगुआई करेंगी। इस टूर्नामेंट की इनामी राशि 17 लाख रुपए है। इस सीजन के पहले चरण में जैस्मिन ने जीत दर्ज की थी, जबकि रिधिमा ने दूसरा और चौथा चरण अपने नाम किया। वहीं, तीसरे चरण का खिताब त्वेसा मलिक ने जीता था।
जयपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में होने वाले इस मुकाबले में कई मजबूत दावेदार भी नजर आएंगी। इनमें पूर्व इंडियन ओपन रनर-अप अमनदीप द्राल, अन्विता नरेंद्र, सहर अटवाल, नेहा त्रिपाठी, हीना कांग, जान्हवी बख्शी, विधात्री उर्स और सान्वी सोमू शामिल हैं।
नोएडा के जयपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में होने वाले इस इवेंट में 7 एमेच्योर खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगी। एमेच्योर खिलाड़ियों की मौजूदगी इसलिए भी अहम हो गई है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में वे लगातार मुकाबले में बनी रही हैं। पांचवां चरण एक एमेच्योर खिलाड़ी, लावण्या गुप्ता ने जीता था, जो इस हफ्ते नहीं खेल रही हैं। हालांकि, इस मुकाबले में एमेच्योर महरीन भाटिया शामिल हैं। वे मौजूदा चैंपियन हैं और उन्होंने 2025 सीजन का आखिरी चरण इसी जगह पर जीता था।