भारतीय गोल्फर वीर अहलावत ने स्विट्जरलैंड में खेले जा रहे स्विस चैलेंज में शानदार प्रदर्शन करते हुए हाफवे स्टेज पर संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। इनविटेशन पर टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे अहलावत ने दूसरे राउंड में 10-अंडर-पार 61 का शानदार स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और इंग्लैंड के मैथ्यू साउथगेट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।
वीर अहलावत ने गोल्फ सेम्पाच में बोगी-फ्री राउंड खेलते हुए अपनी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन किया। दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 12-अंडर पार है। वे और साउथगेट अब वीकेंड में प्रवेश करते समय निकटतम प्रतिद्वंद्वियों जॉर्ज ब्लूर और मैथ्यू डेकोटिग्नीस-लाफॉन से एक शॉट आगे हैं।
वीर का नाम भारत के उभरते गोल्फरों में लिया जाता है। वर्ष 2024 उनके लिए विशेष रूप से यादगार रहा। उन्होंने हीरो इंडियन ओपन में उपविजेता स्थान हासिल किया था। इसके बाद, उन्होंने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट का खिताब भी अपने नाम किया।