भारत मंडपम में 26वीं एशियन सीनियर फेंसिंग (तलवारबाजी) चैंपियनशिप का समापन बुधवार को हो गया। छह दिन तक चली यह देश में इस खेल की पहली महाद्वीपीय-स्तर की प्रतियोगिता थी। चैंपियनशिप का समापन भव्य तरीके से किया गया। इस चैंपियनशिप ने वैश्विक स्तर पर भारत की साख एक विश्व स्तरीय खेल प्रबंधन वाले देश के रूप में की।
'वन ड्रीम, वन ब्लेड, वन प्राइड' के लक्ष्य के साथ आयोजित इस चैंपियनशिप में 34 से ज्यादा देशों के 400 से ज्यादा विश्व-स्तरीय एथलीटों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट इसलिए भी अहम था क्योंकि हिस्सा ले रहे एथलीट और टीमें लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए अपना लंबा रोडमैप बना रहे थे।
प्रतियोगिता में जापान ने 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक जीते और पहले स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया 10 पदकों के साथ दूसरे और कजाकिस्तान 5 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा.