New Delhi: राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रमंडल खेलों और राष्ट्रमंडल पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरे भारतीय दल को बधाई दी। सोमवार को सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देश का गौरव बढ़ाया है और यह भारतीय खेलों के लगातार बढ़ते स्तर का प्रमाण है।
सदन की कार्यवाही के दौरान सभापति ने कहा कि राज्यसभा का यह सदन सभी सदस्यों की ओर से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों और राष्ट्रमंडल पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय दल को हार्दिक बधाई देता है।
उन्होंने बताया कि भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल पैरा खेलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 7 पदक अपने नाम किए।