गुरबचन सिंह रंधावा ट्रैक एंड फील्ड खेल में भारत के सफल और लोकप्रिय एथलीट रहे हैं। रंधावा का नाम 1950 और 1960 के दशक में देश के बड़े एथलीटों में शुमार था।
गुरबचन सिंह रंधावा का जन्म 6 मई, 1939 को अमृतसर, पंजाब में हुआ था। बहुत ही कम उम्र में वह एथलेटिक्स में सक्रिय हो गए थे और उनकी प्रतिभा से यह साबित हो गया था कि वह भविष्य में देश को ट्रैक एंड फील्ड में बड़ी सफलता दिलाएंगे। रंधावा हर्डल्स, डेकाथलॉन, लंबी कूद और स्प्रिंट इवेंट्स में दक्ष थे। 110-मीटर हर्डल्स और डेकाथलॉन ने उन्हें बड़ी सफलता और लोकप्रियता दिलाई। ऐसे इवेंट्स में गति, ताकत और तकनीकी क्षमता का संतुलन जरूरी होता है।
इंडोनेशिया के जकार्ता में 1962 में आयोजित एशियन गेम्स में गुरबचन सिंह रंधावा ने डेकाथलॉन में स्वर्ण पदक जीता था। इस सफलता ने उन्हें उस समय एशिया के शीर्ष एथलीटों में जगह दिला दी थी। इसके अलावा, अपने करियर में रंधावा ने कॉमनवेल्थ गेम्स और कई एशियन चैंपियनशिप सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया था।