जिम्नास्टिक्स: एफआईजी वर्ल्ड चैलेंज कप में भारत की प्रणति नायक ने जीता 'सिल्वर' मेडल (Image Source: IANS)
ओडिशा की जिम्नास्ट प्रणति नायक ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित एफआईजी वर्ल्ड चैलेंज कप 2026 के वॉल्ट इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया। तीन बार की एशियन चैंपियनशिप मेडलिस्ट ने मजबूत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के मुकाबले शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉल्ट फाइनल में 13.025 अंक बनाकर पोडियम पर जगह बनाई।
ओडिशा जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने शनिवार को बताया कि प्रणति की यह उपलब्धि उनकी अथक मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह वैश्विक स्तर पर इस खेल में ओडिशा की बढ़ती उपस्थिति को भी दर्शाती है।
31 वर्षीय प्रणति साल 2019, 2022 और 2025 के एशियन चैंपियनशिप संस्करणों के वॉल्ट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। वह दीपा कर्माकर और अरुणा रेड्डी के बाद अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला जिम्नास्ट हैं।