दिल्ली हाई कोर्ट से भारतीय रेसलर विनेश फोगाट को झटका लगा है। कोर्ट ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) की तरफ से अयोग्य घोषित किए जाने के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई करते हुए विनेश को आगामी एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में तुरंत शामिल होने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
विनेश फोगाट को कथित अनुशासनहीनता और डोपिंग-रोधी नियमों के उल्लंघन के आरोपों के तहत नोटिस जारी किया गया था। इस मामले में कोर्ट ने डब्ल्यूएफआई को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि कोर्ट में अर्जी दाखिल कर विनेश फोगाट ने 30-31 मई को होने वाले एशियन गेम्स चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मांगी थी। विनेश फोगाट ने अदालत से कहा था कि उन्हें ट्रायल में शामिल होने दिया जाए, क्योंकि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया है, लेकिन हाई कोर्ट ने कहा कि दूसरे पक्ष (डब्ल्यूएफआई) की बात सुने बिना कोई अंतरिम राहत नहीं दी जा सकती है।