फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नाम शुक्रवार को दो ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई है। विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा गोल होने का रिकॉर्ड फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बन गया है।
यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड ग्रुप डी में अमेरिका और तुर्किये के बीच खेले गए मुकाबले में बना। अमेरिका के डिफेंडर ऑस्टिन ट्रस्टी ने मैच की शुरुआत में गोल कर टूर्नामेंट का 173वां गोल दागा। इसके साथ ही 2022 में हुए कतर वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड टूट गया, जहां पूरे टूर्नामेंट के 64 मैचों में कुल 172 गोल लगे। खास बात यह है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में यह रिकॉर्ड सिर्फ 59 मैचों में बना है। इस मुकाबले में 4 और गोल हुए। तुर्किये ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से हराया और टूर्नामेंट में कुल गोलों की संख्या 177 तक पहुंच गई।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इतने कम मैचों में नया रिकॉर्ड बनना इस बात का सबूत है कि इस बार टूर्नामेंट में आक्रामक फुटबॉल देखने को मिल रही है। खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन और लगातार हो रहे गोल इस वर्ल्ड कप को यादगार बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभी नॉकआउट चरण के कई मुकाबले बाकी हैं, इसलिए गोलों की संख्या और बढ़ेगी। इस बार वर्ल्ड कप पहले से बड़ा है, क्योंकि टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 कर दी गई है। इसी वजह से कुल मैचों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो गई है, जिससे रिकॉर्ड बनने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।