41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन, ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स में चार नए रिकॉर्ड बने। शनिवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तेलंगाना के रामू, उत्तर प्रदेश की तनु चौधरी और राजस्थान की चुकी बिरदा ने ये नए रिकॉर्ड कायम किए।
तेलंगाना के रामू ने पुरुषों की अंडर-18 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 46.80 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड चंदन बाउरी के नाम था, जिन्होंने 2015 में 46.99 सेकंड का समय निकाला था। रामू ने इस रिकॉर्ड को 0.19 सेकंड से बेहतर किया। वहीं, इस प्रतियोगिता का पिछला मीट रिकॉर्ड 47.48 सेकंड था, जिसे पिछले साल सैयद सबीर ने बनाया था। रामू ने उसे भी पीछे छोड़ दिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश की 400 मीटर धाविका तनु चौधरी ने महिलाओं की अंडर-18 कैटेगरी में अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया। उन्होंने 53.40 सेकंड का समय लेकर गोल्ड मेडल जीता और जिस्ना मैथ्यू द्वारा 2015 में बनाए गए 53.85 सेकंड के पिछले मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।