हॉकी एशिया कप की शुरुआत भारतीय हॉकी टीम ने चीन पर धमाकेदार जीत के साथ की है। भारत ने चीन को ग्रुप के पहले लीग में मैच में 4-3 से हराया।
बिहार के नालंदा जिले के राजगीर स्थित राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में भारतीय टीम ने चीन पर शानदार जीत दर्ज की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीन गोल किए जबकि जुगराज सिंह ने एक गोल दागे।
यह मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। चीन ने भारत को कड़ी टक्कर दी। मैच का शुरुआती गोल चीन ने किया था। इसके बाद भारत ने लगातार तीन गोल करते हुए 3-1 की मजबूत बढ़त बनाई। चीन ने जोरदार वापसी की और स्कोर को 3-3 से बराबर कर दिया। आखिरी क्वार्टर (47वें मिनट) में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भारत की बढ़त 4-3 कर दी, जो आखिर में निर्णायक साबित हुई। मैच के आखिरी क्षणों में चीन ने गोल की भरपूर कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। अंतिम स्कोर 4-3 रहा।