बिहार में जारी एशिया कप 2025 के तीसरे दिन मेजबान भारत ने जापान को 3-2 से शिकस्त दी। यह पूल-ए में भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने चीन के विरुद्ध 4-3 से मुकाबला जीता था। इस जीत के साथ भारत ने सुपर 4 चरण में जगह पक्की कर ली है। टीम इंडिया अपना आखिरी लीग मुकाबला सोमवार को कजाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।
इस मुकाबले में मंदीप सिंह ने एक गोल दागा, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए। जापान की ओर से कोसेई कावाबे गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी रहे, जिन्होंने दो गोल दागे।
भारत ने पहले क्वार्टर की शानदार शुरुआत की। चौथे मिनट मंदीप सिंह ने गोल दागकर टीम का खाता खोला। सुखजीत सिंह ने बेसलाइन पर गेंद ली और मनदीप सिंह (चौथे मिनट) को एक बेहतरीन पास दिया, जिसे उन्होंने गोलपोस्ट के सामने अपने मार्कर को छकाते हुए नेट में डालकर टीम का खाता खोला।