हॉकी इंडिया ने 1 से 9 अप्रैल 2026 तक महिला नेशनल कोचिंग कैंप आयोजित करने की घोषणा की है। यह कैंप भारतीय महिला हॉकी टीम की आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम ने हाल ही में एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता था। टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के बूते ही भारतीय टीम ने एफआईएच हॉकी महिला वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी क्वालीफाई किया, जो बेल्जियम और नीदरलैंड्स में खेला जाना है। इस कोचिंग कैंप में खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर को बेहतर बनाने, टीम संयोजन तैयार करने और रणनीतिक कौशल को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। टीम नए कोच शोर्ड मारिन की देखरेख में अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
भारतीय टीम के सामने इस साल व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है। टीम जून में एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2026 में हिस्सा लेगी, इसके बाद अगस्त में महिला वर्ल्ड कप और फिर 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में चुनौती पेश करेगी। यही कारण है कि इस कैंप का महत्व काफी अहम होगा।