पहली यूथ हॉकी 5-एस एशियन चैंपियनशिप का आयोजन ओमान की राजधानी मस्कट में 20 से 25 जुलाई के बीच होगा। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को इस चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का ऐलान किया।
यह कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट पहली एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी 5-एस वर्ल्ड कप के लिए एशियन क्वालीफाइंग इवेंट भी होगा, जिसकी प्रत्येक कैटेगरी में सात टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। पुरुषों के इवेंट में मेजबान ओमान, भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश शामिल होंगे। महिलाओं की प्रतियोगिता में भारत का मुकाबला पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और ईरान से होगा।
सब-जूनियर महिला टीम की कमान स्वीटी कुजूर के हाथों में हैं, जिसमें गोलकीपर खिली कुमारी और महक परिहार शामिल हैं। नीलम टोपनो और किरण एक्का को डिफेंस में रखा गया है, जबकि दीया, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी मिडफील्ड में खेलेंगी। कप्तान स्वीटी के साथ नौशीन नाज और संदीप कुमारी फॉरवर्ड लाइन में होंगी।