भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत हासिल करते हुए चार मुकाबलों की फ्रेंडली सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। पर्थ हॉकी स्टेडियम में मेहमान टीम ने आखिरी क्वार्टर में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच को 1-1 से ड्रॉ कराया, जिसके बाद शूटआउट में मेजबान टीम को 4-2 से मात दी।
मुकाबले के 10वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने ओलिविया डाउन्स के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन भारतीय टीम ने पेनाल्टी कॉर्नर के कई मौके बनाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। ऑस्ट्रेलिया का डिफेंस मजबूत नजर आ रहा था, लेकिन 46वें मिनट में शीला चानू पुखरमबम ने आखिरी क्वार्टर में गोल करके भारत को बराबरी पर ला दिया।
शूटआउट में मेहमान टीम 4-2 से विजयी रही, जिसमें नवनीत कौर, इशिका चौधरी, अन्नू और ऋतुजा दादासो पिसाल ने गोल किए।