भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने शनिवार को भारत के पूर्व कप्तान और मौजूदा हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैच के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मनप्रीत ने रॉटरडैम में नीदरलैंड के खिलाफ हुए मैच में दिलीप टिर्की के रिकॉर्ड की बराबरी की।
33 साल के मनप्रीत सिंह 400 से ज्यादा सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ियों के एलीट क्लब में अकेले सक्रिय खिलाड़ी हैं।
मनप्रीत को इस कामयाबी पर बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, "मैं मनप्रीत को इस अहम पड़ाव तक पहुंचने पर बधाई देता हूं। यह एक शानदार कामयाबी है और सालों से उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और निरंतरता को दिखाता है। मैं उन्हें आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह कई और मौकों पर खेलते दिखेंगे। हम इंडियन हॉकी में उनके लगातार योगदान के लिए आभारी हैं।"