एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में वेल्स को करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय पुरुष टीम सोमवार को इंग्लैंड का सामना करेगी। 'पूल-डी' के इस मुकाबले में भारत अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेगा।
एक ओर भारत ने वेल्स के खिलाफ 3-1 से दमदार जीत हासिल की थी। वहीं, दूसरी तरफ इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-1 से रौंदा था। दोनों टीमें लगातार दूसरी जीत की तलाश में हैं, इसलिए सोमवार का मुकाबला टीम पूल-डी की शीर्ष टीमों का फैसला करने में अहम भूमिका निभाएगा। चारों पूल से टॉप-2 टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी और सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहेंगी, जबकि निचली दो टीमें क्लासिफिकेशन मुकाबलों में जाएंगी।
शनिवार को वेल्स के खिलाफ भारत की जीत पेनाल्टी-कॉर्नर में उसकी ताकत पर आधारित थी, जिसमें तीनों गोल सेट-पीस से हुए। संजय के गोल से शुरुआत होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जिससे भारत को तीन महत्वपूर्ण अंक मिले। हालांकि, भारत ओपन प्ले से गोल करने के कई मौके बनाने के बावजूद फील्ड गोल नहीं कर पाया, इसलिए टीम अपनी फिनिशिंग में सुधार करना चाहेगी।