भारतीय पुरुष टीम को 'एफआईएच वर्ल्ड कप 2026' के अपने दूसरे 'पूल-डी' मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने 1-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत के साथ तीन अंक हासिल किए, जिससे जैकरी वालेस की टीम का पूल में टॉप-2 स्थान पक्का हो गया। सोमवार को यह मुकाबला एमस्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला गया।
इंग्लैंड लगातार दो मैच जीतकर छह अंकों के साथ पूल में शीर्ष पर पहुंच गया है, जिसके साथ उसने अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है। एक जीत और एक हार के साथ भारत दूसरे स्थान पर है। भारतीय टीम अपना आखिरी पूल मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। 'हरमनप्रीत एंड कंपनी' के लिए टॉप-2 में रहने और सेमीफाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए आगामी हाई-वोल्टेज मैच जीतना बेहद जरूरी है। फिलहाल पाकिस्तान और वेल्स के दो-दो मैचों में एक-एक अंक हैं।
सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए निकोलस बांडुरक ने दो गोल किए, जबकि स्टुअर्ट रशमेरे और हेनरी क्रॉफ्ट ने एक-एक गोल दागा। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि दिलप्रीत सिंह ने दूसरे क्वार्टर में एक बेहतरीन मूव को गोल में तब्दील किया।