हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में रविवार को भारतीय महिला टीम ने चीन के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। भारत के लिए नवनीत और दीपिका ने गोल दागे, जबकि चीन की तरफ से झांग यिंग और मा निंग ने एक-एक गोल किए। एमस्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ड्रॉ के साथ दोनों टीमों ने एक-एक अंक हासिल किया।
मुकाबले में भारत ने अच्छी शुरुआत की। लालरेम्सियामी ने 5वें मिनट में टीम को पेनाल्टी कॉर्नर दिलाया। नवनीत ने शॉट लिया, लेकिन वह गोल नहीं कर सकीं। हालांकि, आठवें मिनट में उन्होंने नेहा के पास पर गोल करके खाता खोला, लेकिन इसके बाद पेरिस ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चीन ने बराबरी कर ली, जब भारत की शिल्पी डबास को सर्कल के अंदर फाउल के लिए पेनाल्टी स्ट्रोक मिला और झांग यिंग ने उसे गोल में बदल दिया।
दीपिका ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसके बाद भारत ने एक बार फिर से बढ़त हासिल कर ली। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 21वें मिनट में भी पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे गोल नहीं कर पाए। हालांकि, चार मिनट बाद दीपिका ने दाईं ओर से तेजी से आगे बढ़ते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और उसे गोल में बदल दिया।