भारतीय महिला हॉकी टीम ने 'एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालीफायर- 2026' के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया। भारत की फाइनल में भिड़ंत इंग्लैंड से होगी।
भारतीय टीम के लिए मैच में एकमात्र गोल मनीषा चौहान ने 40वें मिनट में किया। सेमीफाइनल मुकाबले का पहला क्वार्टर बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर कब्जे के लिए लगातार संघर्ष करती हुई नजर आईं। भारत ने मैच की शुरुआत जोरदार अंदाज में की और कुछ दमदार 'सर्कल एंट्री' की। हालांकि, इटली ने भी धीरे-धीरे आक्रामक रुख अपनाना शुरू किया और गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मेजबान टीम ने गेंद को आगे बढ़ाने के लिए मैदान के किनारों का इस्तेमाल किया। भारतीय टीम ने बड़ी संख्या में हमले बोले और गोल के करीब (सर्कल में) कई अहम एंट्री कीं। 18वें मिनट में भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन नवनीत कौर के शॉट को इटली की गोलकीपर लूसिया इनेस कारुसो ने शानदार तरीके से रोक दिया।