भारत अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में लगातार अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है। देश एक ओर 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जबकि 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटा है। इस बीच, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी से भारत की वैश्विक पहचान मजबूत होती है और खिलाड़ियों को अपने ही देश में विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है।
खेल मंत्रालय की रिलीज के अनुसार, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच भारत ने 15 से अधिक शहरों में 36 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया है। इन आयोजनों ने यह साबित किया है कि भारत के पास विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं ही नहीं, बल्कि बड़े टूर्नामेंटों के सफल संचालन की क्षमता भी तेजी से विकसित हो रही है।
नई दिल्ली, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई, गोवा, गुवाहाटी, राजगीर, पटना, हैदराबाद, पुणे, लखनऊ और महाबलीपुरम जैसे शहर अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र बनते जा रहे हैं। इन शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विश्व चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप, विश्व कप, अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट और महाद्वीपीय क्वालीफायर जैसे बड़े आयोजन शामिल हैं।