चार-पांच साल पहले जिस हूला हूप को रांची की छोटी सी बच्ची आश्वी वशिष्ठ महज खेल-खेल में घुमाया करती थीं, उन्हें तब शायद ही पता रहा होगा कि यही हूला हूप एक दिन उन्हें दुनिया की रिकॉर्ड बुक तक पहुंचा देगा। महज 11 साल की उम्र में आश्वी ने एक मिनट में नाक के बल 80 बार हूला हूप घुमाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र और मेडल गुरुवार को उनके घर पहुंचा तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रांची के डीएवी कपिलदेव स्कूल में कक्षा छह की छात्रा आश्वी ने यह रिकॉर्ड 3 मई 2026 को बनाया था। रिकॉर्ड के लिए उनके प्रदर्शन की रिकॉर्डिंग स्कूल परिसर में की गई थी।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, एक मिनट में नाक के चारों ओर हूला हूप को 80 बार घुमाना अपने आप में एक असाधारण प्रदर्शन है। खासकर इसलिए क्योंकि नाक पर हूला हूप को संतुलित रखते हुए लगातार गति और लय बनाए रखना बेहद कठिन माना जाता है।