कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन करके भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम रविवार को स्वदेश लौटी। ग्लासगो में गोल्ड मेडल जीतने वाली मीराबाई चानू ने अपने प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। वहीं, लवप्रीत सिंह ने उनका समर्थन करने के लिए देशवासियों का धन्यवाद किया।
दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के पहुंचने से पहले ही फैंस का जमावड़ा देखने को मिला। फैंस काफी समय पहले ही पहुंचकर अपने चहेते खिलाड़ियों का इंतजार कर रहे थे। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। सभी प्लेयर्स को माला पहनाई गई और जमकर ढोल-नगाड़े बजे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि वह देश के लिए गोल्ड मेडल जीत सकीं। मीराबाई ने कहा कि वह गोल्ड जीतकर गर्व महसूस कर रही हैं। मीराबाई चानू ने 48 किलोग्राम वर्ग में कुल 190 किलो का भार उठाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मीराबाई ने लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है।