इंग्लैंड के कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज आइजैक ओकोह इस साल के शानदार प्रदर्शन के दम पर आत्मविश्वास से भरपूर हैं। अब उनकी नजरें यूरोपीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं।
भले ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में आइजैक ओकोह का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन इस साल 90 किलोग्राम कैटेगरी में कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड मेडल जीतकर शानदार वापसी की। अब वह सोफिया में जारी यूरोपियन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे।
ओकोह रविवार को पहले राउंड के मुकाबले में पोलैंड के एलेक्सी सेवोस्त्यानोव के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे। 'स्काई स्पोर्ट्स' के अनुसार, ओकोह ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि मैं इस समय दुनिया में किसी को भी हरा सकता हूं। मुझे हराने के लिए एक बहुत अच्छे फाइटर की जरूरत होगी। इस भारवर्ग में कई बेहतरीन प्रतिस्पर्धी हैं। मैं भी उन्हीं के स्तर पर हूं और गोल्ड मेडल जीतने की असली दावेदारी में हूं। मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं। मुझे इस टूर्नामेंट में किसी के भी खिलाफ अपनी जीत की उम्मीद है।"