अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी बेन शेल्टन ने अपनी हार के बाद माना कि आर्थर गेआ ने उनसे बेहतर खेल दिखाया। शंघाई मास्टर्स के तीसरे दौर में दुनिया के नंबर 4 खिलाड़ी शेल्टन को फ्रांस के आर्थर गेआ के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा।
गेआ ने बेहद कड़े मुकाबले में 7-6(5), 7-6(3) से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर में पहली बार किसी टॉप-10 खिलाड़ी को हराने का बड़ा कारनामा किया। वहीं, शेल्टन ने स्वीकार किया कि उनके प्रतिद्वंद्वी ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर प्रदर्शन किया और वह जीत के हकदार थे।
शेल्टन ने गेआ के प्रदर्शन की तारीफ की और साथ ही उन चुनौतियों का भी जिक्र किया जो उन्हें एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में आने पर झेलनी पड़ीं, क्योंकि उन्हें चीन के हालात के हिसाब से ढलने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला था। हार के बाद एटीपी के हवाले से शेल्टन ने कहा, "आज मैं बेहतर नहीं खेल पाया। गेआ मुझसे बेहतर खेले। सौ फीसदी, मैं चाहता था कि मैं यहां जल्दी आता, तैयारी करता और शंघाई मास्टर्स में खेलने से पहले ही जेट लैग (लंबी यात्रा की थकान) से उबर चुका होता।"