बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत 17 अगस्त से होगी, जिसका आयोजन नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने जा रहा है। वर्ल्ड नंबर 3 वांग झी यी का मानना है कि भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु के साथ पिछले मुकाबलों का उन पर मानसिक रूप से बहुत ज्यादा दबाव रहा है। अब वह भारतीय स्टार के साथ किसी भी संभावित मुकाबले के लिए स्पष्ट सोच के साथ उतरने को तैयार हैं।
शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए वांग ने कहा, "मुझे लगता है कि सिंधु के खिलाफ खेलने से पहले मेरे दिमाग में बहुत सारी बातें चल रही थीं, लेकिन वह एक अच्छी खिलाड़ी हैं; उन्होंने हाल ही में 'जापान ओपन' का खिताब जीता है और लगातार बेहतर खेल रही हैं, इसलिए मुकाबला मुश्किल होगा, लेकिन मैं अभी सिर्फ अपने पहले मैच पर ध्यान दे रही हूं।"
वांग यूएसए की बेइवेन झांग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। वह टूर्नामेंट में आगे पीवी सिंधु का सामना करने की संभावना के बावजूद ज्यादा आगे की नहीं सोच रही हैं। चीनी शटलर ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान संभावित प्रतिद्वंद्वी या बड़ी तस्वीर के बारे में सोचने के बजाय अपना पहला मैच जीतने पर है।