दुनिया के नंबर 1 कार्लोस अल्काराज मियामी ओपन से बाहर हो गए हैं। अल्काराज को तीसरे राउंड में 36वें नंबर के खिलाड़ी सेबेस्टियन कोर्डा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। दो घंटे 14 मिनट तक चले मैच में कोर्डा ने अल्काराज को 6-3, 5-7, 6-4 से हराया। जीत के बाद सेबेस्टियन कोर्डा ने कहा कि इस जीत के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा।
कोर्डा ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। यह जीत हासिल करने के लिए मुझे थोड़ा लंबा रास्ता तय करना पड़ा। मेरी उम्मीद से ज्यादा तनाव का सामना मुझे करना पड़ा, लेकिन मैं जिस तरह से खेला और जिस तरह से मैंने मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी, उससे मैं खुश हूं। मुश्किल हालात में मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा और आखिर में सचमुच बहुत अच्छा खेला।"
कोर्डा मैच की शुरुआत से ही हावी दिख रहे थे। दूसरे सेट में तो वे जीत के करीब पहुंच गए थे, जब स्कोर 5-3 था। हालांकि, वह मौका उनके हाथ से निकल गया, जब उनकी सर्विस टूट गई। इससे अल्काराज को निर्णायक सेट तक पहुंचने का मौका मिला और कुछ समय के लिए मैच का रुख उनकी तरफ मुड़ा।