BWF World Championships: भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के विमेंस सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कनाडा की झांग वेन यू के खिलाफ 21-16, 21-17 से जीत हासिल की।'अंतिम 16' में सिंधु का सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वांग जी यी से होगा, जो मलेशिया की करुवाथेवन लेतशाना के खिलाफ 21-16, 21-9 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में पहुंची हैं।
सिंधु अगले मुकाबले में चीनी खिलाड़ी के विरुद्ध पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी, जिनके खिलाफ अब तक कोई भी मैच नहीं गंवाया है। सिंधु इस मुकाबले में अपना शत प्रतिशत झोंकने उतरेंगी। जीत के बाद सिंधु ने पत्रकारों से कहा, "इस जीत से मुझे आत्मविश्वास मिलता है। मैंने वांग झियी के साथ कई बार खेला है, और कल फिर से उनके खिलाफ खेलते हुए... मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे के खेल को अच्छी तरह जानते हैं। मुझे लंबे मुकाबलों के लिए तैयार रहना होगा।"
"यह आसान नहीं होगा, या आप आसानी से प्वाइंट मिलने की उम्मीद नहीं कर सकते, क्योंकि जब आप टॉप-रैंक वाले खिलाड़ी के खिलाफ खेलते हैं, तो आपको हर स्थिति के लिए तैयार रहना पड़ता है। कल भी वैसा ही खेल होगा, मुझे बस अपना सब कुछ झोंक देना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है, अपना शत प्रतिशत देना है। आखिर में यही मायने रखता है, क्योंकि जब आप कोर्ट पर उतरते हैं, तो आपको उसी हिसाब से खुद को बदलना पड़ता है, क्योंकि यह कोई नई बात नहीं है और मैं पहली बार उनके खिलाफ नहीं खेल रही हूं। चूंकि, हम एक-दूसरे के खेल को जानते हैं, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम जरूरत के हिसाब से बदलाव करते रहें।"