BWF World Championships: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु का सफर गुरुवार को थम गया। सिंधु को महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में चीन की वांग झी यी ने 21-11, 15-21, 21-17 से हराया। सिंधु अपने प्रदर्शन से निराश नजर आईं और उन्होंने हार के बाद कहा कि उन्हें थोड़ा और सब्र रखने की जरूरत थी।
सिंधु ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि उन्हें कोई चोट लगी थी या क्या, शायद यह उनकी रणनीति थी या खेलने का तरीका। हालांकि, मुझे लगता है कि मुझे इस मैच को जीत में तब्दील करना चाहिए था क्योंकि लंबी रैलियां हो रही थीं, मैच अच्छा था और उस समय जब स्कोर 17-17 था, तो हर पॉइंट मायने रखता है। मेरे हिसाब से मुझे थोड़ा और सब्र रखना चाहिए था।" दरअसल, मैच के दौरान चीन की खिलाड़ी वांग झी कई बार दर्द की वजह से कोर्ट पर बैठीं, जिसके कारण मुकाबला को कई दफा रोकना पड़ा।
भारतीय स्टार शटलर ने आगे कहा, "हां, इस तरह की हार से बहुत ज्यादा दुख होता है। इतने लंबे समय तक ट्रेनिंग और कड़ी मेहनत करने के बाद, ऐसे मैच हारने से सच में बहुत दुख होता है। हालांकि, मुझे लगता है कि यह खेल है। खेल ऐसा ही होता है। मेरे हिसाब से आप इस तरह से और मजबूत बनते हैं और शानदार वापसी करते हैं। इसके साथ ही आप ऐसे मैचों में की गई गलतियों से सीख भी लेते हैं। जो हो गया, सो हो गया। मुझे लगता है कि अब वापस जाने और जो जरूरी है, वह करने का समय है।"