भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपने डेब्यू के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह भारत के मशहूर खिलाड़ियों की उपलब्धियों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी शर्तों पर खेलना चाहते हैं। टूर्नामेंट के पहले राउंड में उनका सामना चीन के वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी शी यू क्यूई से होगा।
साल की शुरुआत में निंगबो में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में उपविजेता के तौर पर चर्चा में आए 21 वर्षीय आयुष को वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपने डेब्यू पर ही एक बड़ी चुनौती का सामना करना होगा। शी ने कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के फाइनल में शेट्टी को सीधे गेम में हराया था, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ी ज्यादा अनुभव और घरेलू दर्शकों के समर्थन के साथ रीमैच में उतरेंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय स्टार्स की उपलब्धियां उनके लिए कोई बेंचमार्क तय करती हैं, तो शेट्टी ने कहा कि वे अपने से पहले आए खिलाड़ियों की नकल करने के बजाय अपने खुद के स्टैंडर्ड स्थापित करना पसंद करेंगे। आयुष ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "मैं इसे बेंचमार्क के तौर पर नहीं देखता। मैं अपना रास्ता खुद बनाना चाहता हूं। अपना बेंचमार्क खुद तय करना चाहता हूं। मैं इस बात पर ध्यान नहीं दे रहा हूं कि दूसरों ने क्या किया है या खेल को क्या दिया है। वे खेल के दिग्गज हैं। मैं खुद पर अधिक ध्यान दे रहा हूं, बेहतर खेलते रहना चाहता हूं और मैच जीतना चाहता हूं। मैं इसे इसी तरह देखता हूं।