अमेरिका पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने संकेत दिया है कि वह अगले सप्ताह अपने भविष्य को लेकर अंतिम फैसला करेंगे। फीफा विश्व कप में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद अमेरिकी फुटबॉल महासंघ उन्हें मुख्य कोच के पद पर बनाए रखना चाहता है।
मौरिसियो पोचेटिनो का मौजूदा अनुबंध विश्व कप 2026 के बाद समाप्त हो रहा है। हालांकि, अमेरिकी फुटबॉल महासंघ ने उन्हें नया चार वर्षीय अनुबंध देने की पेशकश की है। नए अनुंबध के तहत वह 2030 फीफा विश्व कप तक टीम के मुख्य कोच बने रह सकते हैं।
स्पेनिश रेडियो स्टेशन ‘कैडेना कोप’ से बातचीत में पोचेटिनो ने कहा कि वह इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अमेरिकी फुटबॉल ने मुझे काम जारी रखने का प्रस्ताव दिया है। हम इस पर विचार कर रहे हैं और अगले सप्ताह अपने भविष्य को लेकर अंतिम निर्णय लेंगे।"