भारतीय डबल्स कोच टैन किम हर का मानना है कि मौजूदा चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के पास आइची-नागोया में एशियन गेम्स की बैडमिंटन प्रतियोगिता के दबाव को संभालने के लिए जरूरी आत्मविश्वास, तैयारी और मानसिक मजबूती है।
एशियन गेम्स में इस क्षेत्र की कुछ सबसे मजबूत डबल्स जोड़ियां हिस्सा ले रही हैं, इसलिए कोच ने प्रतियोगिता के मानसिक पहलू पर खास जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इस जोड़ी ने दबाव को संभालने और कड़े मुकाबलों के दौरान अपना संयम बनाए रखने पर काफी काम किया है।
टैन किम ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "बेशक, मैंने उनसे साइकोलॉजी और मानसिक मजबूती से जुड़ी सभी चीजों पर काम करने के लिए कहा था। मुझे लगता है कि सात्विक-चिराग के पास जरूरी सब कुछ है। अगर वे मानसिक रूप से मजबूत रहते हैं, तो उनका खेल बहुत खतरनाक हो सकता है। अब तक मैंने देखा है कि उन्होंने साइकोलॉजी की पूरी ट्रेनिंग ली है। मेरे लिए जब सब कुछ सही जगह पर होता है, तो मैं बस उन्हें प्लान बताता हूं कि 11 प्वाइंट के बाद हमें क्या करना है। अगर विरोधी का खेल बदलता है, तो हम दिखाते हैं कि उससे कैसे निपटना है।"