इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में गुरुवार को शिलांग लाजोंग एफसी ने गोकुलम केरल एफसी के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की। केरल के मंजेरी में पय्यानाड स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एवरब्राइटसन सना मायलिएमपदाह और ट्रेमिकी लामुरोंग ने एक-एक गोल किए।
इस जीत के साथ, शिलांग लाजोंग (10 अंक) टॉप तीन में पहुंच गई है। उसके अंक और गोल अंतर श्रीनिधि डेक्कन एफसी और डायमंड हार्बर एफसी के बराबर हैं। वहीं, 'द मालाबारियंस' (गोकुलम केरल) उतने ही मुकाबलों में पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई। ट्रेमिकी लामुरोंग को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मैच की शुरुआत काफी तेज गति से हुई। दोनों टीमें लगातार आक्रमण करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन शुरुआती पलों में उन्हें 'फाइनल पास' देने में काफी संघर्ष करना पड़ रहा था। मैच के 15वें मिनट में ही गोकुलम को एक शुरुआती बदलाव करना पड़ा। चोटिल किंग्सली फर्नांडिस की जगह आशीष प्रधान को मैदान पर उतारा गया।