इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में शनिवार को लालरोमाविया और डेविड कास्टानेडा के गोल की मदद से श्रीनिधि डेक्कन एफसी ने चानमारी एफसी को 2-1 से शिकस्त देकर खिताबी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
हैदराबाद के डेक्कन एरिना में हुए मुकाबले में सिर्फ जीत ही श्रीनिधि डेक्कन एफसी की खिताबी उम्मीदों को जिंदा रख सकती थी। ऐसे में 'डेक्कन वॉरियर्स' ने 23 मिनट के अंदर ही लालरोमाविया और डेविड कास्टानेडा के गोल की बदौलत 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, 27वें मिनट में मेहमान टीम की तरफ से मार्लन रंजेल ने 27वें मिनट में गोल दागकर अंतर को कम कर दिया।
श्रीनिधि डेक्कन ने मैच की शुरुआत तेज रफ्तार से करते हुए 10वें मिनट में ही बढ़त बना ली। फैब्रिस काह ने बॉक्स के अंदर एक क्रॉस दिया, जिसे कास्टानेडा ने अपनी छाती से रोककर ब्रैंडन वनलालरेमडिका की ओर बढ़ाया। ब्रैंडन का शॉट ठीक से नहीं लगा, लेकिन किस्मत से गेंद लुढ़कते हुए लालरोमाविया के पास पहुंच गई। इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने नजदीकी दूरी से कोई गलती नहीं की और गेंद को नेट में पहुंचा दिया। कुछ ही मिनट बाद, काह ने खुद गोल किया, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उस गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया।