फीफा वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी रेस से बाहर होने के बाद ज्लात्को डालिच ने बुधवार को क्रोएशिया के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उनका लगभग 9 साल का कार्यकाल समाप्त हो गया। क्रोएशियाई टीम फीफा वर्ल्ड कप के 'राउंड-ऑफ-32' में पुर्तगाल से स्टॉपेज टाइम में 1-2 से हारकर बाहर हो गई थी।
क्रोएशियन फुटबॉल फेडरेशन की तरफ से जारी बयान में 59 वर्षीय डालिच ने कहा कि काम जारी रखने की इच्छा होने के बावजूद, देश के फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल दौर में से एक को समाप्त करने का समय आ गया है।
डालिच ने कहा, "मैं अध्यक्ष कुस्टिक का उनके बेहतरीन सहयोग और मुझ पर भरोसा बनाए रखने के लिए धन्यवाद देता हूं। हाल के दिनों में मिले समर्थन ने मुझे अपने पद छोड़ने के फैसले पर फिर से सोचने पर मजबूर किया, लेकिन... अब समय आ गया है। भले ही मुझमें क्रोएशिया के साथ नई सफलताएं हासिल करने की महत्वाकांक्षा और इच्छा हो, मुझे लगता है कि इस शानदार दौर को समाप्त करने का यही सही समय है। मैं भारी मन से जा रहा हूं और मुझे गर्व है कि मैंने क्रोएशियन फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी सफलताओं में योगदान दिया है। मैं अपने उत्तराधिकारी, क्रोएशियन नेशनल टीम और क्रोएशियन फुटबॉल को भविष्य की जीतों के लिए शुभकामनाएं देता हूं, जिन पर मुझे पूरा भरोसा है।"