भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के मौके पर राजगीर में अंडर-20 रग्बी सीरीज आयोजित की जाएगी। यह ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सीरीज 23 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जाएगी।
भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमें और न्यूजीलैंड की टीमें सीरीज से पहले राजगीर पहुंच चुकी हैं। बिहार पहुंचने पर न्यूजीलैंड की टीमों का पटना हवाई अड्डे पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। अपने प्रवास के दौरान दोनों देशों की टीमें संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भाग लेंगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मैच खेले जाएंगे।
न्यूजीलैंड की पुरुष टीम तामा तोआ और महिला टीम हिने तोआ में देश के विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए कुल 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए भारत आना पहली बार है। यह आयोजन राजगीर को दोनों देशों के खेल संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का साक्षी बनाएगा।