मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज 27 अक्टूबर से होना है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने बताया है कि इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन अपनी टीम भेजने के लिए तैयार है।
महासचिव भोलानाथ ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "नहीं, अभी तक ऐसा कुछ नहीं है। मैं आपको क्लियर बताना चाहता हूं कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रेसिडेंट और उनके सभी अधिकारियों से मेरी बात हुई है। निजी तौर पर भारत और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम लोग आपस में बात करते हैं और वो लोग टीम भेजने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"
इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाना है। इस मुकाबले पर बात करते हुए हॉकी इंडिया के महासचिव ने कहा, "देखिए, इससे पहले भी पाकिस्तान की टीम भारत में आकर कई बार खेल चुकी है। उनके लिए कोई विशेष तैयारी नहीं की गई है, जो तैयारी बाकी टीमों के लिए की गई है वही उनके लिए भी है। हम हर टीम के लिए शानदार तैयारी करते हैं और मेरे लिए सभी टीमें बराबर हैं।"