भारत ने चौथी दक्षिण एशियाई वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 स्वर्ण पदक और 58 पदकों के साथ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची में आयोजित हुई।
श्रीलंका ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण पदक और कुल 40 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। नेपाल ने 2 रजत और 4 कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। बांग्लादेश (3 कांस्य), मालदीव (1 कांस्य) और भूटान (कोई पदक नहीं) क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले और अनेक नए मीट रिकॉर्ड बने। पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत के रुचित मोरी ने 50.10 सेकेंड के समय के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। कूड़ा लियानगे अयोमा (श्रीलंका) ने रजत और कर्ण बाग (भारत) ने कांस्य जीता।