भारत के लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर की लंदन में टखने की सर्जरी हुई है। 28 सितंबर को नागोया में एशियन गेम्स 2026 के दौरान पुरुषों की लंबी कूद के फाइनल में टेक-ऑफ बोर्ड से फिसलने के कारण उनके लिगामेंट्स में चोट लग गई थी।
27 वर्षीय एथलीट ने बुधवार, (14 अक्टूबर) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस प्रक्रिया की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बीजिंग में वर्ल्ड चैंपियनशिप 2027 और लॉस एंजिल्स में ओलंपिक 2028 से पहले अपने दाहिने टखने को स्थिर (स्टेबल) करने के लिए यह सर्जरी जरूरी थी।
श्रीशंकर ने अपने डॉक्टर और कोच के साथ तस्वीरें शेयर करके लिखा, "हालांकि, मैं इन सब से गुजरना नहीं चाहता था, लेकिन इस बार मेरे पास कोई और विकल्प नहीं था। मंगलवार को लंदन के फोर्टियस क्लिनिक में डॉ. पीटर डी'हूघे की देखरेख में मेरे टखने की एक छोटी सी सर्जरी हुई। एशियन गेम्स के दौरान टेक-ऑफ बोर्ड से फिसलने की वजह से मेरे लिगामेंट्स में चोट लग गई थी। सलाह-मशविरे और जांच के बाद यह पक्का करने के लिए सर्जरी जरूरी समझी गई कि मेरा टखना स्थिर रहे और आने वाले सीजन के लिए तैयार हो, जिसमें बीजिंग में वर्ल्ड चैंपियनशिप 2027 और सबसे अहम, लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 शामिल हैं।"