भारत ने अल्ट्रा रनिंग में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए जापान के हिरोसाकी में हुई आईएयू 24-घंटे एशिया और ओशिनिया चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और भारत को इस खेल में एक मजबूत ताकत के रूप में स्थापित किया।
पुरुषों की 24-घंटे दौड़ में भारत ने इतिहास रच दिया। टीम ने न सिर्फ गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज तीनों मेडल अपने नाम किए, बल्कि पूरे व्यक्तिगत पोडियम पर कब्जा जमाया। अमर सिंह देवंदा ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 282.881 किलोमीटर (226 लैप) की दूरी तय की और गोल्ड मेडल जीता। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। गीनो एंटनी ने 272.894 किलोमीटर (218 लैप) दौड़कर सिल्वर मेडल हासिल किया। सौरव कुमार रंजन ने 260.058 किलोमीटर (208 लैप) की दूरी तय कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
तीनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने कुल 815.833 किलोमीटर की दूरी तय कर टीम गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह प्रदर्शन एशिया-ओशिनिया स्तर पर अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा और किसी भी एशियाई देश का आईएयू चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी माना जा रहा है। इस मुकाबले में जापान दूसरा और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर रहा।