भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियन गेम्स 2026 से पहले देश के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के मजबूत समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोत्साहन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। मंगलवार को नई दिल्ली में टीम इंडिया को औपचारिक रूप से विदाई दी गई।
विदाई समारोह में पीटी उषा ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है। अब हालात पहले जैसे नहीं रहे। सरकार खिलाड़ियों का पूरा समर्थन कर रही है और हमारे प्रधानमंत्री खुद खिलाड़ियों की मदद करने और प्रतियोगिता से पहले और बाद में उनका हौसला बढ़ाने में बहुत दिलचस्पी ले रहे हैं। भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान के आइची-नागोया होगा। जापान के लिए रवाना होने से पहले आईओए की तरफ से आयोजित विदाई समारोह में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, अधिकारी और पार्टनर शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पीटी उषा के साथ केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।