Asian Indoor: भारत ने एशियन इंडोर रोइंग चैंपियनशिप 2025 में शानदार शुरुआत करते हुए विभिन्न श्रेणियों में 15 पदक जीते। इनमें नौ स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह मेगा इवेंट बुधवार को थाईलैंड के पटाया में शुरू हुआ। इस एक हफ्ते के खेल महोत्सव में दक्षिण कोरिया, ईरान, कुवैत, सऊदी अरब, मलेशिया, श्रीलंका, सिंगापुर, पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, मेजबान थाईलैंड और भारत सहित कुल 11 देश हिस्सा ले रहे हैं।
भारत ने पहले दिन की कड़ी प्रतिस्पर्धा में जमकर पदक जीते। भारतीय रोइंग महासंघ द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इनमें नौ स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक शामिल थे। भारत ने चैंपियनशिप के पहले दिन प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
भारत के लिए स्वर्ण पदक मास्टर सक्षम ने लड़कों के अंडर-17 में, गुरुसेवक सिंह ने अंडर-19 पुरुषों में, गौरी नंदा ने महिलाओं के अंडर-19 में, कोंगनापल्ली नारायण ने पैरा पीआर3 पुरुषों में, अनीता ने पैरा पीआर3 महिलाओं में, अन्यतम राजकुमार ने पैरा पीआर3 आईडी पुरुषों में और सिद्धार्थ सुनील ने मास्टर्स 30-39 आयु वर्ग में जीते।