एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय शूटर्स शुक्रवार को स्वदेश लौटे। एयरपोर्ट पर शूटर्स का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत हुआ। इस मौके पर कई शूटर्स के परिवार के लोग भी पहुंचे।
भारतीय शूटर राइजा ढिल्लों ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "हमारी पूरी शूटिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। सभी ने मेडल जीता है और यहां तक पहुंचने के लिए हम सभी ने बहुत कड़ी मेहनत की है, इसलिए हमें बहुत गर्व है। आपके सहयोग के लिए धन्यवाद। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) और हमारे सभी स्पॉन्सर्स का भी धन्यवाद, जिन्होंने हमें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।उनका बहुत-बहुत धन्यवाद।"
पुरुष टीम और मिक्स्ड टीम के साथ कुल दो मेडल जीतने वाले भारतीय शूटर अनंतजीत सिंह नरुका ने कहा, "दो मेडल जीतने की खुशी ही कुछ अलग होती है। पिछली बार भी जब मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने गया था, तो मैंने दो मेडल जीते थे और इस बार भी मैंने दो मेडल जीते हैं।" भारतीय शूटर भवतेघ सिंह गिल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि हम देश के लिए मेडल लेकर आ रहे हैं, यह सभी के लिए गर्व का पल है। मुझे बहुत खुशी है कि हमने एशियन गेम्स में भारत के लिए इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की। कुल मिलाकर यह एक शानदार अनुभव था। एशियन गेम्स का आयोजन और हमारी टीम का प्रदर्शन - इन सभी चीजों ने इस अनुभव को बेहतरीन बना दिया। इसकी कोई तुलना नहीं है।"