फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) ने 26वीं सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए सीनियर नेशनल टीम का ऐलान कर दिया है। यह प्रतियोगिता 19 से 24 जून तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगी।
इस प्रतियोगिता में 30 से ज्यादा देशों के 400 से अधिक टॉप एथलीट्स हिस्सा लेंगे। भारतीय टीम में 24 एथलीट (12 महिला और 12 पुरुष) शामिल हैं, जिनकी अगुवाई भारत की पहली और एकमात्र फेंसिंग ओलंपियन चदलावदा आनंदा भवानी देवी कर रही हैं।
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सतेज पाटिल ने कहा, "हम नई दिल्ली में एक शानदार, वर्ल्ड-क्लास टूर्नामेंट की मेजबानी करने को लेकर बहुत उत्साहित और पूरी तरह से आश्वस्त हैं। मुझे भारतीय टीम की तैयारी और टैलेंट पर पूरा भरोसा है कि वे इस बड़े मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन स्पॉट हासिल करेंगे। दुनियाभर के बेहतरीन फेंसर्स का भारत में स्वागत करना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। हम खेल भावना के असाधारण प्रदर्शन को देखने के लिए उत्सुक हैं।"