नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी भारतीय टीम, खेले जाएंगे 2 फ्रेंडली मैच (Image Source: IANS)
भारतीय पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के दौरान 12 और 15 नवंबर को मेजबान टीम के खिलाफ 2 फ्रेंडली मैच खेलने के लिए न्यूजीलैंड जाएगी। यह घोषणा शनिवार को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) ने की है।
इन मुकाबलों का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के हिस्से के तौर पर किया गया है। दोनों देशों के बीच ये मुकाबले 'खेल के जरिए एकता के 100 साल' का जश्न मनाने के लिए आयोजित खेल आयोजनों की श्रृंखला का हिस्सा होंगे।
भारत और न्यूजीलैंड पहले भी दो बार आमने-सामने आ चुके हैं। दोनों देशों का पहला मुकाबला साल 1981 में मलेशिया में खेले गए मर्डेका टूर्नामेंट में हुआ था, जो 0-0 से ड्रॉ रहा। इसके बाद साल 2018 में मुंबई में हुए इंटरकांटिनेंटल कप में न्यूजीलैंड ने 2-1 से जीत हासिल की थी।